
चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी (आप) ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी के साथ 1984 के सिख नरसंहार के आरोपी जगदीश टाइटलर की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। आप के वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू और नील गर्ग ने कांग्रेस पर दोहरा मापदंड अपनाने एवं सिखों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी से तुरंत माफ़ी मांगने की मांग की है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 1984 के नरसंहार के जिम्मेदारों को अपनी पीठ पीछे छिपाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राहुल गांधी के पीछे जो व्यक्ति छिपा था, वह जगदीश टाइटलर था। जब भी टाइटलर का नाम आता है, 1984 का वह भयावह मंजर आंखों के सामने घूम जाता है।
इस मुद्दे पर बोलते हुए पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता नील गर्ग ने कांग्रेस को देश की सबसे बड़ी कपटी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति ‘मुख में राम, बगल में छुरी’ वाली है। एक तरफ़ वे न्याय की बातें करते हैं और दूसरी तरफ़ दुनिया की सबसे बड़ी मानव हिंसा 1984 के सिख नरसंहार के दोषियों के साथ मंच साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि जगदीश टाइटलर जैसे लोगों को अपने कार्यक्रमों में शामिल करना सिखों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
गर्ग ने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को यह स्पष्ट करना होगा कि वह हत्यारों के साथ है या न्याय के साथ। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। खासकर राहुल गांधी को इस इसके लिए पूरे सिख समुदाय और पंजाब की जनता से बिना किसी देरी के माफी मांगनी चाहिए।