
जालंधर : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी तथा रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने शनिवार को शहर में 30 लाख रुपये के विकास प्रोजेक्टों के नींव पत्थर रखे , जो पंजाब सरकार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शहर की सुंदरता को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मेयर विनीत धीर, सीनियर ‘आप’ नेता नितिन कोहली, राजविंदर कौर थियाड़ा सहित कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 21 लाख रुपये की लागत वाले नवीनीकरण प्रोजेक्ट के तहत श्री गुरु रविदास चौक की सूरत बदलकर इसे आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा। चौक की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्वता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह चौक लाखों श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धा का केंद्र है, जो सतगुरु रविदास के दरबार में नतमस्तक होने के लिए आते है, विशेषकर प्रकाश पर्व समागमों के दौरान। उन्होंने कहा कि व्यापक नवीनीकरण में क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और री-डिजाइन शामिल होगा, जिससे शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी
श्री भगत ने कहा कि हर साल हजारों श्रद्धालु इस स्थान पर आते है और नवीनीकरण प्रोजेक्ट श्रद्धालुओं के अनुभव को काफी बेहतर बनाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस कार्य को निर्धारित समय के अंदर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने मॉडल हाउस क्षेत्र में एक अन्य विकास पहल की आधारशिला भी रखी, जहां 9 लाख रुपये की लागत से दो सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सड़क प्रोजेक्ट से स्थानीय निवासियों की प्रमुख मांग पूरी होगी और क्षेत्र में संपर्क बेहतर बनेगा।
प्रदेश सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर विकास को दी जा रही प्राथमिकता के बारे में बात करते हुए श्री भगत ने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट पूरे प्रदेश में समावेशी और टिकाऊ शहरी विकास को सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार के संकल्प को दर्शाते है।