
पंजाब के जिला लुधियाना में सोमवार की देर रात कांग्रेसी नेता अनुज कुमार के भाई अमित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात हलका साहनेवाल के नंदपुर सूए के पास हुई। थाना साहनेवाल की पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक जिस समय यह वारदात हुई अमित कुमार वहां अपने अहाते पर मौजूद था, इस दौरान बाइक पर तीन बदमाश वहां पहुंचे और सामान लेने के बहाने अंदर घुसे। यहां काउंटर पर बैठे अमित से उनकी कहा-सुनी हो गई। इस पर उन्होंने गोली चला दी। गोली अमित के सीने में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने खून से लथपथ अमित कुमार को अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक हत्यारों की पहचान नहीं हो सकी है।