
जालंधर : पंजाब सरकार की चल रही नशा विरोधी मुहिम “युद्ध नशे के विरुद्ध” के तहत जालंधर पुलिस ने आज एक और सख्त और निर्णायक कार्रवाई की। जालंधर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से गांव धीना पिंड की इंदिरा कॉलोनी में एक नशा तस्कर की अवैध इमारत को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि यह कार्रवाई नगर निगम और जालंधर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। मौके पर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के साथ ज्वाइंट सी.पी संदीप कुमार शर्मा, एसीपी कैंट सरवनजीतत सिंह और एस.एच.ओ संजीव कुमार मौजूद थे।
यह अवैध निर्माण अमरजीत पुत्र पाल राम से संबंधित था, जो थाना सदर जालंधर कमिश्नरेट के अधीन आता है। अमरजीत एक बड़ा नशा तस्कर है, जिसके खिलाफ एन.डी.पी.एस एक्ट, एक्साइज एक्ट और बी.एन.एस के तहत 10 मुकदमे दर्ज है और फिलहाल वह फरार है।
इसके साथ ही ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने जिले भर में नशा तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। विशेष अभियान के दौरान 61 छापे मारे गए, 11 दोषियों को गिरफ्तार किया गया और 6 प्रिवेंटिव कार्रवाइयां की गई। बरामदगी में 2 किलो 600 ग्राम अफीम, 157 ग्राम हेरोइन और 235 नशीले कैप्सूल शामिल हैं।
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने दोहराया है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
जालंधर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशा तस्करी या अवैध नशों संबंधी गतिविधियों के बारे में कोई भी जानकारी सरकार द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 पर साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
