
क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना मेरी प्राथमिकता:अश्वनी अग्रवाल
जालंधर : वार्ड नंबर 80 के अंतर्गत दादा कॉलोनी की लक्की जनरल स्टोर वाली गली में लंबे समय से लंबित सड़क समस्या के समाधान की प्रक्रिया आज प्रारंभ हो गई। जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल तथा अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने विधिवत मुहूर्त कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगर निगम जालंधर के जेई पवन कुमार और जेई अमर भूल्लर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दादा कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान अमरजीत सिंह सहित संजय बंसल, तजिंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, दीपक सोनी, प्रेम कुमार, नमन वोहरा एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संबंधित गली की सड़क लंबे समय से खस्ताहाल थी, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वार्ड के विभिन्न हिस्सों में और भी विकास कार्य चरणबद्ध ढंग से करवाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र की सभी लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ पर स्थानीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया और क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों की अपेक्षा व्यक्त की।