
जालंधरः रिजनल पासपोर्ट कार्यालय (RPO), जालंधर ने बुधवार को पासपोर्ट अदालत का आयोजन किया, जिसमें पासपोर्ट संबंधी विभिन्न मामलों के समाधान हेतु लगभग 350 आवेदक शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा और नागरिकों को परेशानी मुक्त सेवाएं प्रदान करना था।
विवरण देते हुए रिजनल पासपोर्ट अधिकारी यशपाल ने बताया कि पासपोर्ट जारी करने के लिए 250 से ज़्यादा आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि शेष मामलों पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अदालत के दौरान अधिकारियों ने 350 से ज़्यादा मामलों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 250 को मौके पर ही मंज़ूरी दे दी गई। रिजनल पासपोर्ट कार्यालय ने कहा कि आवेदकों की सुविधा और पासपोर्ट सेवाओं की तेज़ डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए ऐसी अदालतें और विशेष शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कुशल, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल सेवाएं प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने आगे बताया कि जिन आवेदकों की फाइलें लंबित हैं, वे सभी संबंधित दस्तावेज़ लेकर किसी भी कार्यदिवस में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच, पूर्व ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के साथ या उसके बिना, कार्यालय आ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसी तरह के एक अन्य प्रयास में, 10 से 12 नवंबर तक एसबीएस नगर स्थित तहसील परिसर में तैनात रिजनल पासपोर्ट कार्यालय की मोबाइल वैन को जनता का ज़बरदस्त समर्थन मिला। इसकी सफलता से उत्साहित होकर, रिजनल पासपोर्ट कार्यालय ने अपने अधिकार क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी मोबाइल वैन सुविधा का विस्तार करने की योजना की घोषणा की, जिससे पूरे क्षेत्र में पासपोर्ट सेवाओं की पहुँच और बेहतर होगी।