
जालंधरः जालंधर में गीजर से गैस लीकेज के कारण 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जालंधर के मिठ्ठा बाजार में रहने वाले शिवसेना नेता दीपक कंबोज की बेटी मुनमुन बाथरूम में नहाने गई थी।
इसी दौरान गीजर में तकनीकी खराबी आने के कारण,उसमें से गैस रिसाव शुरू हो गया। सांस लेने में दिक्कत के चलते मुनमुन बाथरूम में बेहोश हो गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने काफी देर बाथरूम का दरवाजा खटखटाया। पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने और अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने दरवाजा तोड़ा दिया। बाथरूम में मुनमुन अचेत अवस्था में पड़ी मिली।
परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पिता दीपक कंबोज ने बताया कि नववर्ष के दिन उनकी बेटी का जन्मदिन था,जिसे मनाने की पूरी तैयारी थी।