
जालंधर : पंजाब सरकार की नशा विरोधी ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर की निगरानी और डी.सी.पी.(जांच) मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी (जांच) जेअंत पुरी तथा एसीपी (डी) अमरबीर सिंह के नेतृत्व में सी.आई.ए. स्टाफ जालंधर के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 80 ग्राम हेरोइन और 2 लाख 5 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 दिसंबर 2025 को सी.आई.ए. स्टाफ की टीम ने फोकल प्वाइंट जालंधर से शक के आधार पर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ साजन पुत्र गुरजीत सिंह, निवासी प्रीत नगर, सोढल रोड, थाना डिवीजन नंबर 8, जालंधर और प्रभजोत उर्फ प्रभ पुत्र जसपाल, निवासी प्रीत नगर, सोढल रोड, जालंधर के तौर पर हुई।
उक्त व्यक्तियों के कब्जे से कुल 80 ग्राम हेरोइन तथा 2,05,000 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ मामला नंबर 295 दिनांक 04.12.2025 के तहत धारा 21, 27-A, 61-85 NDPS एक्ट के अंतर्गत थाना डिवीजन नंबर 8, जालंधर में दर्ज किया गया है।
आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ साजन के खिलाफ पहले भी मामला नंबर 133 दिनांक 08.05.2022 के तहत धारा 21, 61-85 NDPS एक्ट थाना डिवीजन नंबर 8, जालंधर में दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की पूछताछ जारी है। जालंधर पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी।