
फिरोजपुरः फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू और डीएसपी जीरा गुरदीप सिंह के दिशा-निर्देश पर थाना मक्खू पुलिस ने जीरा में मंजू ज्वेलर्स फायरिंग केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल, 32 बोर के 2 अवैध पिस्तौल, 2 मोबाइल फोन, जिंदा कारतूस और कारतूसों को खोल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी पट्टी जिला तरनतारन के रहने वाले हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों आरोपी मक्खू की कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर दी।
इस बीच नाके पर पुलिस को देखकर बाइक पर आ रहे दोनों आरोपी घबरा गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये दोनों वही आरोपी हैं, जो कुछ समय पहले जीरा में मंजू ज्वेलर्स के मालिक पर लूट की नीयत से फायरिंग की वारदात में शामिल थे, जिसमें ज्वेलर रतन कुमार घायल हुए थे। अभी इनके तीसरे साथी की पुलिस तलाश कर रही है। उस मामले में थाना सिटी जीरा में एफआईआर नंबर 87 दर्ज की गई थी।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनका संबंध अन्य आपराधिक वारदातों से तो नहीं है।