
जालंधरः जालंधर सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने के कारण 3 मरीजों की हुई मौतों पर पंजाब सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जालंधर सिविल अस्पताल के तीन डॉक्टरों मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राज कुमार, एसएमओ डॉ. सुरजीत सिंह और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सोनाक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि हाऊस सर्जन को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा-ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने के कारण हम जान नहीं बचा सके। मैनेजमेंट स्तर पर यह बड़ी लापरवाही हुई है। ऑक्सीजन प्लांट से दो मशीन इस्तेमाल की जाती हैं जिनमें की प्रेशर घटने पर बैकअप भी होता है। इस मामले में बड़ी लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई करते हुए एमएस डॉ राज कुमार, एसएमओ डॉ सुरजीत सिंह और डॉ सोनाक्षी को निलंबित कर दिया गया है।
डॉ. बलबीर सिंह ने आगे कहा कि जांच में अगर ये दोषी पाए गए तो इन्हें डिसमिस किया जाएगा। घटना के बाद वह खुद मौके पर गए थे, जहां उनके साथ टेक्निकल टीम ने जाकर जांच की।
जांच के बाद हाऊस सर्जन शमिंदर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि जांच के दौरान पता चला कि अस्पताल में 49 इंटरनल मेडिकल अधिकारी, 46 डॉक्टर ट्रेनी बच्चे, 14 हाउस सर्जन और 17 मेडिकल अधिकारी ड्यूटी पर रहते है। इतना स्टाफ होने के बावजूद ऐसी घटना सामने आए यह बेहद चिंताजनक है।