
कनाडा:कनाडा के एडमॉन्टन के पास लेड्यूक इलाके में पंजाबी मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंजाब के रहने वाले बीरइंद्र सिंह (22) के रूप में हुई है। वह स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हाल ही में अल्बर्टा प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था
बीरइंद्र 14 मार्च को अपने दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला था। तभी एक सफेद या ग्रे पिकअप ट्रक में सवार हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली बीरइंद्र की गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोस्तों ने कार को संभालकर सड़क किनारे रोका और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मामले की जांच रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट कर रही है। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप ट्रक और उसमें सवार दो लोगों की पहचान के लिए लोगों से डैशकैम और सीसीटीवी फुटेज साझा करने की अपील की है।परिवार ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, उन्होंने सरकार से बीरइंद्र का पार्थिव शरीर भारत भेजने की अपील की है।