
जालंधर: जालंधर के मॉडल हाउस के नजदीक न्यू करतार नगर इलाके में चोरों ने आज सुबह करीब 4 बजे दो दुकानों के ताले तोड़कर सामान ओर नकदी पर हाथ साफ कर लिया। चोरी का पता दुकानदारों को सुबह दुकानें खोलने पर चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
सलीम हेयर सैलून के मालिक सलीम ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गल्ले में रखे करीब 3,500 रुपए नकद और एक प्रेसिंग मशीन चोरी हो चुकी है।
सलीम ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान के सामने स्थित एक स्टेशनरी की दुकान को भी निशाना बनाया और वहां से भी सामान चोरी कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर भार्गव कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एएसआई सुखबीर सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि एक्टिवा सवार दो युवक वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।