
जालंधरः पेट्रोल पंप पर फायरिंग मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अलावलपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम अलावलपुर से गांव डोला की ओर जा रही थी, तभी सामने से एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने अचानक दिशा बदल ली ।
शक होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा करना शुरू किया।बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने के कारण आरोपी बाइक सहित खाली प्लॉट में गिर गया। खुद को पुलिस से घिरा देख उसने फायरिंग करनी शुरू कर दीं। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में गोली आरोपी के हाथ में जा लगी। पुलिस ने घायलआरोपी लवप्रीत उर्फ लवी निवासी भुलत्थ को गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि लवप्रीत उर्फ लवी 19 दिसंबर को किशनगढ़ चौक के पास स्थित पैट्रोल पंप में कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई फायरिंग में वांछित था। इस दौरान करीब 15 राउंड फायरिंग की गई थी। इसमें गुरप्रीत गोपी और सौरव नाम के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों जतिंदर और रक्षित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। लवप्रीत उर्फ लवी तभी से फरार चल रहा था।