‘गैंगस्टर की पत्नी’ को क्यों छिपा रहे सुखबीर बादल : बलतेज पन्नू


Aryan Academy AD

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (‘आप’) पंजाब के प्रदेश महासचिव बलतेज पन्नू ने उपचुनाव में अकाली दल द्वारा गैंगस्टर अमृतपाल बाठ की पत्नी कंचनप्रीत कौर को मैदान में उतारने और इस तथ्य को छिपाने के लिए शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर तीखा राजनीतिक हमला किया है। पन्नू ने अकाली दल पर पंजाब में अपनी खत्म हो चुकी राजनीतिक जमीन को वापस पाने के लिए गैंगस्टरों और उनके परिवारों का सहारा लेने का गंभीर आरोप लगाया।

बलतेज पन्नू ने सवाल उठाया कि अकाली नेता की बेटी को गिरफ्तार करने का प्रचार तो किया जा रहा है, लेकिन यह क्यों नहीं बताया जा रहा कि वह एक गैंगस्टर की पत्नी भी है। उन्होंने पूछा कि अकाली दल इस बात को क्यों छिपा रहा है कि कंचनप्रीत उस गैंगस्टर अमृतपाल बाठ की पत्नी है, जिसने कई लोगों का कत्ल किया है और उपचुनाव के दौरान लोगों को डराया-धमकाया भी है। पन्नू ने बताया कि एक तरफ कंचनप्रीत स्टेज पर लोगों को बताती हैं कि वह अमृतपाल बाठ की पत्नी हैं और उनका एक बेटा है, लेकिन जब चुनाव में एफिडेविट (शपथ पत्र) देती हैं, तो शादी वाला कॉलम खाली छोड़ देती हैं, ताकि लोगों को सच्चाई का पता न चले।

पन्नू ने आरोप लगाया कि अकाली दल बादल के राजनीतिक तौर पर पंजाब से पैर उखड़ चुके हैं। वह अब गैंगस्टरों और उनके परिवारों की मदद से राजनीति में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने 2007 से लेकर 2017 तक केवल गैंगस्टर ही पैदा किए हैं। नाभा जेल ब्रेक कांड इन्हीं लोगों ने करवाया और बाद में उसकी सीसीटीवी फुटेज भी गायब करवाई गई।

Advertisement Space

पन्नू ने कहा कि जब अमृतपाल बाठ ने अपना ‘आजाद ग्रुप’ बनाया और लोगों को डरा-धमका कर अपने सरपंच बनाने का फॉर्मूला कामयाब कर लिया, तब सुखबीर बादल ने सोचा कि इसे बड़े स्तर पर विधानसभा में आजमाया जाए। पहले दो चरण की वोटिंग में जीतने के बाद उन्हें लगता है कि यह फॉर्मूला पूरे पंजाब में इस्तेमाल किया जा सकता है।

बलतेज पन्नू ने चेतावनी दी कि 2027 में सुखबीर सिंह बादल विधानसभा की टिकट गैंगस्टर और गैंगस्टरों के परिवारों को देंगे। उन्होंने सवाल किया, “क्या वे बेटियां नहीं थीं जिनके सामने उनके पिता को मारा गया? क्या वह बेटी नहीं थी जिसको बस से धक्का देकर मारा गया? क्या वे बेटियां नहीं थीं जिनके पतियों को गैंगस्टर अमृतपाल बाठ ने मारा था? वे सभी पंजाब की बेटियां हैं। उपचुनाव के दौरान लोगों को सरेआम धमकियाँ दी गई हैं, इसे आप बढ़ रहा ग्राफ कैसे कह सकते हो?”

 

Advertisement Space

Leave a Comment