
चंडीगढ़: पंजाब में गैंगस्टरों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार शुरू किया है। इस संबंधी डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते बताया कि पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार लॉन्च किया है। इसकी शुरूआत आज से हो चुकी है।
डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ में इसका ऐलान करते हुए कहा कि आज इस ऑपरेशन के तहत पंजाब पुलिस के 2 हजार कर्मचारियों को फील्ड में उतारा गया हैं, जो पूरे स्टेट में गैंगस्टर, उनके साथियों और उनकी एक्टिविटीज में शामिल परिवार के लोगों की जांच कर रहे हैं।
डीजीपी ने चेतावनी दी कि पंजाब और पंजाब से बाहर बैठे किसी भी गैंगस्टर को छोड़ा नहीं जाएगा। गैंगस्टर्स के खिलाफ एक हेल्पलाइन की शुरूआत भी की गई है। 9394 693 946 नंबर पर कोई भी व्यक्ति गैंगस्टरों या उनके गुर्गों से जुड़ी जानकारी दे सकता है।
पुलिस के ऑपरेशन प्रहार शुरू करते ही जालंधर और मंडी गोबिंदगढ़ में 2 जगह एनकाउंटर हुए हैं। मंडी गोबिंदगढ़ में पुलिस गैंगस्टर को हथियार रिकवरी के लिए ले गई थी लेकिन गैंगस्टर शिवा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें एक होमगार्ड जवान जख्मी हो गया। पुलिस द्वारा की गई क्रॉस फायरिंग में उसे गोली लगी और वह पकड़ा गया।