पंजाब बनेगा देश का पहला बिजली कट मुक्त राज्य, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने की रोशन पंजाब अभियान की शुरुआत


Aryan Academy AD

चंडीगढ़ : बिजली क्षेत्र में बड़े सुधारों की नींव रखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज पंजाब को देश का ‘पहला बिजली कट मुक्त’ राज्य बनाने के लिए पांच हजार करोड़ रुपए से अधिक की ‘रोशन पंजाब अभियान’ की शुरुआत की।

इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब ने भयानक बाढ़ का सामना किया है, जिसके कारण बहुत तबाही हुई, लेकिन राज्य के बहादुर और सूझबूझ वाले लोगों ने इसका डटकर मुकाबला किया। ‘रोशन पंजाब’ के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र या किसी भी राज्य सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के बारे में सपने में भी नहीं सोचा था, लेकिन पंजाब सरकार ने यह ऐतिहासिक पहल की है। केजरीवाल ने कहा कि उद्योगों को देश में चौथे नंबर पर सबसे कम दरों पर बिजली मिल रही है, कृषि क्षेत्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति हो रही है और अब यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है, जिस पर पिछले 75 वर्षों में कोई काम नहीं हुआ।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप सभी के बीच ‘पावर कट मुक्त पंजाब परियोजना’ की शुरुआत करना बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है। उन्होंने कहा कि यह दिन नए युग की शुरुआत का प्रतीक है, क्योंकि पंजाब के बिजली क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि ट्रांसमिशन और वितरण नेटवर्क के पूर्ण परिवर्तन के माध्यम से पंजाब को बिजली कटौती से मुक्त करने के लिए पांच हजार करोड़ रुपए की परियोजना शुरू की जा रही है।

Advertisement Space

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आप नेता अरविंद केजरीवाल की दूरदर्शी सोच ने पारंपरिक राजनीतिक दलों को अपने चुनावी घोषणा पत्र बदलने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि आप और इसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के संयुक्त प्रयासों से शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के मुद्दे पार्टियों के राजनीतिक एजेंडे का केंद्र बिंदु बन गए हैं। इससे पहले किसी भी राजनीतिक दल ने इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कभी प्राथमिकता नहीं दी थी, जो आम आदमी के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस तथ्य से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि बिजली अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा है, इसलिए राज्य सरकार ने इस क्षेत्र के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से घरेलू, औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार के बड़े प्रयासों से 2015 से बंद पड़ी पछवाड़ा कोयला खदान से कोयले की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है, जिसके कारण अब राज्य के पास अतिरिक्त कोयला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की संपत्तियां केंद्र सरकार के मित्रों को मामूली कीमतों पर बेची जा रही हैं, जबकि दूसरी ओर राज्य ने गोइंदवाल पावर प्लांट को एक निजी कंपनी जीवीके पावर से खरीदकर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि पहली बार यह उल्टा रुझान शुरू हुआ है कि किसी सरकार ने एक निजी पावर प्लांट खरीदा है, जबकि पहले की सरकारें अपनी संपत्तियों को कौड़ियों के भाव अपने चहेतों को बेच देती थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने इस पावर प्लांट का नाम तीसरे सिख गुरु श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखा है। उन्होंने कहा कि इस प्लांट से लोगों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। उन्होंने कहा कि बिजली क्षेत्र के इन सुधारों के साथ पंजाब देश के लिए एक प्रकाश स्तंभ बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली-भाजपा के कुप्रशासन के दौरान राज्य के बिजली क्षेत्र में कोई कदम नहीं उठाया गया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद बिजली क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने कहा कि नए सुधार राज्य में बिजली क्षेत्र को और मजबूत करेंगे।

Advertisement Space

Leave a Comment