
राजपुरा : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज उम्मीद जताई कि अपने औद्योगिक और व्यवसायिक अनुकूल माहौल के कारण राज्य देश का अगला व्यापारिक केंद्र बनकर उभरेगा।
नीदरलैंड आधारित बहुराष्ट्रीय कंपनी डी ह्यूज के पशु फ़ीड प्लांट का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने औद्योगिक प्रगति को बढ़ावा देने के लिए व्यापार में सरलता के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा से मेहनती, उद्यमी और समृद्ध विरासत वाली भूमि रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को भारत का अन्न भंडार होने पर गर्व है क्योंकि देश के अन्न भंडार में राज्य का सबसे अधिक योगदान है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पंजाब के औद्योगिक सफर में उल्लेखनीय बदलाव आया है, जिससे इस क्षेत्र में तेज़ गति देखने को मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पंजाब औद्योगिक पावरहाउस बन गया है और फ़ूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, ऑटो कंपोनेंट, हैंड टूल्स, साइकिल, आई.टी., टूरिज़्म और अन्य क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका में है। उन्होंने कहा कि पंजाब की औद्योगिक प्रगति वास्तव में वैश्विक दृष्टि रखती है, क्योंकि राज्य की संभावनाओं को पहचानते हुए विश्व के कई निवेशक पंजाब की ओर रुख कर रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब को अब तक 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 4.7 लाख नौकरियों के अवसर पैदा होने की संभावना है। इससे पंजाब औद्योगिक प्रगति और नवाचार में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व और संतोष की बात है कि नेस्ले, क्लास, फ्रेडेनबर्ग, कारगिल, वर्बियो, डैनॉन और अन्य कई विश्व प्रसिद्ध कंपनियों ने पंजाब को अपने व्यवसाय के लिए चुना और यहां अपना संचालन शुरू किया, जिससे वे राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने पंजाब की संभावनाओं और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए राज्य द्वारा प्रदान किए गए अनुकूल माहौल को पहचाना है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की वैश्विक पहुँच स्पष्ट है क्योंकि जापान, अमेरिका, जर्मनी, इंग्लैंड, संयुक्त अरब अमीरात, स्विट्ज़रलैंड, फ्रांस, स्पेन और अन्य देशों से निवेश आ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि डी ह्यूज कंपनी ने पंजाब में 150 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे युवाओं के लिए नई नौकरी के अवसर खुलेंगे और राज्य को लंबी अवधि में लाभ होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य कंपनियां भी डी ह्यूज के मार्ग पर चलते हुए पंजाब को निवेश के लिए चुनेंगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस प्लांट की क्षमता 180 किलोटन है, जिसे 240 किलोटन तक बढ़ाया जा सकता है, क्योंकि कंपनी की वैश्विक स्तर पर पशुओं के फ़ीड निर्माण की कुल क्षमता 120 लाख टन है।