
फरीदकोट : पंजाब के कोटकपूरा के एक युवक की ऑस्ट्रेलिया में सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक की पहचान गुरजंट सिंह (32) के रूप में हुई है। वह ऑस्ट्रेलिया में ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करता था।
बताया जा रहा सिडनी से ब्रिसबेन जाते समय उसका ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद ट्रक में आग लग गई। आग लगने के कारण गुरजंट सिंह को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रक के अंदर ही बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुरजंट सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह करीब पांच साल पहले ऑस्ट्रेलिया गया था। वहां वह ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था।
मृतक के चचेरे भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद गुरजंट सिंह का शव बरामद कर लिया गया है । कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को भारत लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरजंट का जल्द ही पीआर (स्थायी निवास) होने की उम्मीद थी, लेकिन इस दुखद हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।