
ईरान और अमरीका-इजरायल में चल रहे संघर्ष के बीच आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को लेकर अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि रूस ईरान का साथ दे सकता है। हालांकि पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से तनाव कम करने और शीघ्र इस मुद्दे को कूटनीतिक तरीके से सुलझाने की अपील भी की है।
रूसी विदेश मंत्रालय ने टेलीग्राम पर दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी गई। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान पुतिन ने एक बार दोबारा ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह सैय्यद अली खामेनेई, उनके पारिवारिक सदस्यों और देश की सेना और नेताओं तथा आम लोगों की मौत पर दुख जताया है।”
पुतिन ने कहा कि वह गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) के सदस्य देशों के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। वहीं मसूद पेजेश्कियन ने ईरानी लोगों के साथ रूस की एकजुटता के लिए पुतिन का धन्यवाद किया।