
हिमाचल प्रदेश/उत्तराखंडः उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। यहां देहरादून में सहस्त्रधारा में सोमवार देर रात बादल फट गया। वहीं भारी बारिश से तमसा नदी में आई बाढ़ में 2 लोग लापता हो गए।
दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत निहरी तहसील की बोई पंचायत में हुए लैंडस्लाइड में एक कच्चा घर मलबे में दब गया, जिसमें परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई,जबकि 2 घायल हो गए।
शिमला में कई जगहों पर लैंडस्लाइड
वहीं शिमला में मूसलाधार बारिश के कारण कई जगहों पर लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई है। शिमला के हिमलेंड, बीसीएस, महेली और अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुए हैं। कई जगहों पर पेड़ गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिन्हें हटाने का काम चल रहा है।भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कई रास्ते बंद हो गए हैं ।
6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता जारी रहने का अनुमान लगाया है। मंगलवार को भी 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले शामिल हैं, जहां कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।