
जालंधरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से एक दिन पहले स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमाके से उड़ाने की धमकी दी गई है। जालंधर के अर्बन एस्टेट इलाके में स्थित कैम्ब्रिज स्कूल सहित 3-4 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी दी गई। धमकी भरे ई-मेल के बाद स्कूल प्रबंधकों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस साइबर सेल ई-मेल की जांच और सोर्स ट्रेस करने में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम और बम स्क्वॉयड ने स्कूल परिसर को घेरकर इमारत की तलाशी शुरू कर दी है। बता दें एक फरवरी को प्रधानमंत्री के जालधंर दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले ही अलर्ट मोड पर हैं। इसी बीच स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मेल में लिखा गया है, आज बम धमाका 3-4 स्कूलों में। डेरा बल्लां खबरदार! गुरु रामदास जी के प्रति पूरा सम्मान है, लेकिन मोदी खालिस्तान वालों का दुश्मन है। धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां हरकत में आ गईं। संबंधित स्कूल परिसरों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।