
नेपाल में अंतरिम सरकार के गठन के बाद पहले की तुलना में हालात काफी शांत हैं और अब नेपाल पटरी पर लौटने लगा है तथा भारत-नेपाल सीमा पर हालात सामान्य होने लगे हैं।
व्यापारिक गतिविधियों शुरू हो गई हैं, रुपईडीहा बॉर्डर से यात्री वाहनों, मोटरसाइकिलों, कारों और कारोबारी ट्रकों की आवाजाही शुरू हो गई है, जबकि अभी आम नागरिकों की आवाजाही सीमित नजर आ रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द सामान्य जनजीवन पूरी तरह बहाल हो जाएगा। वहीं भारत-नेपाल सीमा पर भारतीय सुरक्षा बल पूरी तरह से मुस्तैद हैं।
उल्लेखनीय है कि नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के बाद नेपाल में विद्रोह शुरू हो गया था। बिगड़ते हालातों के बीच प्रधानमंत्री ओली को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। कई दिन तक चले राजनीतिक संकट के बाद पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशाली कार्की को प्रधानमंत्री बना कर अंतरिम सरकार का गठन किया गया ।
वहीं नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने नवनियुक्त प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफारिश पर प्रतिनिधि सभा को भंग किया। राष्ट्रपति कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार, संसद का निचला सदन 12 सितम्बर 2025 की रात 11 बजे से भंग हो गया है।
इसके साथ ही नेपाल में नए चुनाव की तारीखों का भी ऐलान हो गया है। नोटिस में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने नए संसदीय चुनाव कराने की तारीख 5 मार्च 2026 तय की है।