
चंडीगढ़ः पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनावों की अधिसूचना जारी करने की मांग को बंद के आह्वान के मद्देनजर यूनिवर्सिटी परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इसके चलते सोमवार सुबह से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। चंडीगढ़ पुलिस और रिज़र्व फोर्स ने सुबह से ही यूनिवर्सिटी के सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया। कई छात्र संगठनों से जुड़े
प्रदर्शनकारी गेट नंबर 1 के पास जमा हुए और उन्होंने गेट फांदकर अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सुरक्षा कारणों से चंडीगढ़ की पंजाब और हरियाणा सीमा पर भी पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है, और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है। वहीं, छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर सीनेट चुनावों की अधिसूचना जल्द जारी नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।