
गुरदासपुर: अपने बेहतर भविष्य और रोजी-रोटी की तलाश में कुवैत गए गुरदासपुर के युवक की कुवैत में मौत होने का समाचार मिला है। जिला के गांव चक आलिया का मंजीत सिंह करीब डेढ़ साल पहले कुवैत गया था।
मंजीत सिंह अपने गरीब परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। अपने बेटे की अचानक मौत से बुजुर्ग पिता और पत्नी सदमे में हैं। मंजीत सिंह की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है। पिता जसवंत सिंह ने बताया कि मंजीत सिंह ने एक दिन पहले काम से लौटने के बाद अपनी पत्नी को फोन किया था।
बताया जाता है कि उसने अपनी पत्नी को बताया था कि उसे घबराहट हो रही है और वह जो भी खाता है उसे पच नहीं रहा है तथा उसे इलाज के अस्पताल जाने की सलाह दी गई थी, लेकिन अस्पताल जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने आखिरी बार उससे शुक्रवार की रात को बात की थी।
बुजुर्ग पिता ने पंजाब और केंद्र सरकार से अपील की है कि उसके बेटे के शव को गांव वापस लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
बता दें कि मंजीत की मां का कुछ साल पहले निधन हो गया था। ग्रामीणों ने सरकार से परिवार की कठिन आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसे आर्थिक सहायता देने की मांग की है।