
थाईलैंड :थाईलैंड में एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान रनवे पर नोज गियर टूटने के साथ ही आगे का पहिया अलग हो गया। फ्लाइट हैदराबाद से फुकेट जा रही थी।
थाई अखबार द नेशन के मुताबिक घटना के बाद कुछ समय के लिए रनवे बंद करना पड़ा। विमान में सवार सभी 133 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
यह फ्लाइट तय समय से पहले फुकेट पहुंच गई थी। विमान का निर्धारित लैंडिंग का समय सुबह 11:40 था, लेकिन यह 11:24 बजे ही उतर गया। बताया जा रहा है कि विमान की लैंडिंग काफी तेज हुई, जिसकी वजह से उसके आगे वाले लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा। पहिया अलग हो जाने की वजह से विमान तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्थिति को जल्दी काबू में कर लिया। विमान में सात क्रू सदस्य, 131 यात्री और दो बच्चे सवार थे। इस घटना के बाद फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया ताकि विमान को हटाया जा सके और रनवे की सुरक्षा जांच की जा सके।
एयरपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB938 हैदराबाद से फुकेट आई थी। यह विमान बोइंग 737-800 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-BWQ है।