
नई दिल्लीः दिल्ली हाईकोर्ट के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट में बम की धमकी वाला मेल भेजा गया है। ईमेल में लिखा है कि जुमे की नमाज के बाद धमाका होगा।
इसके बाद दोनों परिसर खाली करवाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है ।सूत्रों के अनुसार, यह ईमेल दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को सुबह लगभग 8.39 बजे प्राप्त हुआ। इसके बाद न्यायाधीशों को इसकी सूचना दी गई। बम निरोधक दस्तों ने हाईकोर्ट कोर्ट पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ।
सुरक्षा कड़ी करने के साथ कोर्ट परिसर में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकलने को कहा गया। वहीं अब थोड़ी देर पहले ही ऐसा ई-मेल बॉम्बे हाईकोर्ट को मिला। इस धमकी के चलते दिल्ली-बॉम्बे हाईकोर्ट में अचानक अफरा-तफरी मच गई। सभी बेंच तुरंत स्थगित कर दी गईं और वकीलों, कर्मचारियों और कैदियों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया। वहीं दिल्ली पुलिस ने बताया कि इससे पहले 9 सितंबर को मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और मुख्यमंत्री सचिवालय को भी बम धमकी वाले ईमेल मिले थे।