
जीरकपुरः जीरकपुर फ्लाईओवर पर चंडीगढ़ से अंबाला की तरफ जा रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान फ्लाईओवर पर ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रक फ्लाईओवर पर पहुंचा, उसके अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा।
इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, कुछ ही मिनटों में ट्रक आग की चपेट में आ गया। आग भड़कते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद चालक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।
ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक का केबिन और उसमें लदा ज्यादातर सामान जलकर राख हो चुका था। जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया।