
फिल्लौर:फिल्लौर में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा ब्रह्मदास में चल रहे सालाना मेले के दौरान शनिवार को झूला टूटने से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि झूले ने अभी दो से तीन चक्कर ही लगाए थे कि अचानक एक डिब्बे का नट-बोल्ट ढीला होकर टूट गया। इसके बाद झूले का डिब्बा संतुलन खो बैठा और जमीन पर आ गिरा। डिब्बे में बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं, लेकिन चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फिल्लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार झूला संचालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है, जबकि झूले पर काम करने वाले कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।