
Punjab Congress : फाजिल्का में अबोहर रोड स्थित एक निजी पैलेस में आयोजित कांग्रेस पार्टी के ‘हर बूथ कांग्रेस मज़बूत’ अभियान का मकसद भविष्य की राजनीतिक लड़ाइयों से पहले अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाना था लेकिन इस अभियान ने पार्टी के भीतर मौजूद अंतर्कलह को उजागर किया जिनका सामना लगातार कांग्रेस कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब राजा वड़िंग और चरणजीत सिंह चन्नी तथा शेर सिंह घुबाया के समर्थकों ने पंजाब कांग्रेस प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दैरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने ‘चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद’ और ‘शेर सिंह घुबाया जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को नियंत्रित कर उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर भेज दिया। इसके बाद कार्यक्रम दोबारा सामान्य रूप से जारी हो सका। कार्यक्रम में हुई नारेबाजी को लेकर पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के अभियान शुरू किए जाने के बाद कुछ लोग लगातार कार्यक्रमों में पहुंचकर व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी रिपोर्ट तैयार कर पार्टी नेतृत्व को भेजी जाएगी।