CBI जांच से भागने के बजाय जवाब दे मान सरकार : कैंथ

जलंधर : पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा पंजाब सरकार से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच CBI को सौंपे जाने के बाद भगवंत मान सरकार के “कट्टर ईमानदारी” और भ्रष्टाचार के प्रति “ज़ीरो टॉलरेंस” के दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाई कोर्ट ने सीबीआई को एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच आगे बढ़ाने और दो महीनों के भीतर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, पंजाब के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति या अधिकारी से संबंधित मामला नहीं है, बल्कि शासन में पारदर्शिता, प्रशासनिक जवाबदेही और कानून के समान अनुपालन से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार के प्रति “ज़ीरो टॉलरेंस” की नीति पर चल रही है, तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब के डीजीपी को जानकारी भेजे जाने के बाद राज्य पुलिस स्तर पर एफआईआर और प्रभावी जांच क्यों नहीं हुई, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
कैंथ ने कहा कि हाई कोर्ट के समक्ष रखी गई सामग्री में सरकारी तबादलों-पोस्टिंग, नीतिगत फैसलों, सरकारी टेंडरों और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने से संबंधित गंभीर आरोपों का उल्लेख हुआ है। अदालत ने मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, “अब ‘कट्टर ईमानदारी’ के राजनीतिक नारों से काम नहीं चलेगा। हाई कोर्ट ने मामला एक स्वतंत्र जांच एजेंसी को सौंप दिया है।”
कैंथ ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार से जुड़े हर मामले में संस्थागत जवाबदेही, पारदर्शिता और कानून के शासन की मांग करती रहेगी। “पंजाब के लोगों को नारों की नहीं, स्पष्ट जवाब और निष्पक्ष जांच के परिणाम की जरूरत है।”

Advertisement Space

Leave a Comment