जालंधर : डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान TB के खात्मे के लिए सराहनीय कार्य करने वाली 91 पंचायतों को सम्मानित किया।
यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में आयोजित सादे लेकिन प्रभावशाली समारोह के दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने 91 TB मुक्त पंचायतों को सर्टिफिकेट सौंपे। इस अवसर पर उनके साथ सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग और जिला टी.बी. अधिकारी डा. रीतू दादरा भी मौजूद थे।
आज सम्मानित हुई 91 पंचायतों में से एक गांव गोल्ड, 19 सिल्वर और 71 गांव ब्रॉन्ज श्रेणी में शामिल हैं। ब्लॉक काला बकरा के अंतर्गत आने वाले गांव ‘जफ्फल झींगड़’ को वर्ष 2023, 2024 और 2025 के दौरान लगातार तीन साल टी.बी. मुक्त रहने पर गोल्ड सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। जबकि 19 गांवों को लगातार दो साल टी.बी. मुक्त रहने पर सिल्वर और पहले साल टी.बी. मुक्त होने का लक्ष्य हासिल करने पर 71 गांवों को ब्रॉन्ज सर्टिफिकेट दिए गए।
समारोह के दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने सम्मानित सभी पंचायतों, सरपंचों और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गांव जफ्फल झींगड़ द्वारा गोल्ड श्रेणी हासिल करना गर्व की बात है और बाकी गांवों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
समारोह के दौरान जिले के सभी 9 ब्लॉकों में जोश ( ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों को भी औपचारिक तौर पर रवाना किया गया। यह टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को टी.बी. के लक्षणों, इसके फैलाव और रोकथाम के बारे में विशेष तौर पर जागरूक करेंगी ताकि कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे। प्रत्येक टीम में एक नोडल अधिकारी, 5 एन.सी.सी. कैडेट और 5 माई भारत स्वयंसेवक शामिल किए गए है। इसके अलावा ‘टी.बी. विजेताओं’ को भी इस अभियान से जोड़ा गया है।
श्री वालिया ने जोश टीमों को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और टी.बी. के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में टी.बी. की मुफ्त जांच और पूरा इलाज उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि 91 गांवों को टी.बी. मुक्त बनाने में सरपंचों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और फील्ड टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
जिला टी.बी. अधिकारी डा. रीतू दादरा ने बताया कि टी.बी. जैसी बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए समय पर जांच और पूरा कोर्स करना बहुत जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को दो हफ्तों से अधिक समय तक खांसी रहती है, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।
इस अवसर पर डा. रघू सभरवाल, डा. मोहित चंद्र, डा. विवेक बरमोतरा, डा. ज्योति बाला, डिप्टी एम.ई.आई.ओ. असीम शर्मा, डिप्टी एम.आई.आई.ओ. रविंदर जस्सल, विभिन्न गांवों के सरपंच, टी.बी. स्टाफ अमित, सुनीता, नीलम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारी भी मौजूद थे।