Asian Hockey Champions Trophy : सीएम भगवंत सिंह मान ने दिए विश्वस्तरीय प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 अक्तूबर से 5 नवंबर तक होने वाली Asian Hockey Champions Trophy के लिए आपसी समन्वय, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं, शहरों के सौंदर्यीकरण और मेहमाननवाजी पर ध्यान केंद्रित करते हुए सभी विभागों को विश्वस्तरीय प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए राज्यस्तरीय ट्रॉफी टूर और विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी का आह्वान भी किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में नए कीर्तिमान स्थापित करने चाहिए।

Asian Hockey Champions Trophy के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन पंजाब के खेल इतिहास में नया मील का पत्थर स्थापित करे।” उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों तथा आने वाले मेहमानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब अपनी समृद्ध हॉकी विरासत और भारतीय खेलों में महान योगदान के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। हमें अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के आयोजन में नए कीर्तिमान स्थापित करने चाहिए और भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों तथा मेहमानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि भारत, चीन, मलेशिया, जापान, बांग्लादेश और दक्षिण कोरिया सहित प्रमुख हॉकी देशों की भागीदारी से पंजाब अंतरराष्ट्रीय खेल जगत के केंद्र में आ जाएगा और इससे अपनी मेहमाननवाजी, बुनियादी ढांचे, खेल उपलब्धियों तथा सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

Advertisement Space

मुख्यमंत्री ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 27 अक्तूबर को जालंधर में होगा, जबकि मैच 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेले जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को तैयारियां समय से पहले पूरी करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि चैंपियनशिप का आयोजन बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के नियमों और पेशेवर दृष्टिकोण के अनुरूप किया जाए।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले प्रत्येक प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया जाए और उनके ठहरने के दौरान मेहमाननवाजी का बेहतर एवं यादगार अनुभव प्रदान किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि तैयारियां केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पूरे शहर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने नगर निगम जालंधर और मोहाली को व्यापक सफाई अभियान चलाने, स्वच्छता में सुधार करने तथा सार्वजनिक स्थानों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि शहर विदेशी पर्यटकों को साफ-सुथरे और आकर्षक लगें। उन्होंने शहरों के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि स्टेडियम तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की ओर जाने वाली सड़कों का उचित रखरखाव किया जाए और जहां भी आवश्यकता हो, सड़कों की मरम्मत की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, खेल सचिव वरुण रूजम, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव पुनीत गोयल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisement Space

Leave a Comment