चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पंजाब सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए दिवाली के तोहफे के रूप में DA (महंगाई भत्ते) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में महंगाई भत्ता 2022 के 28 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिसंबर के वेतनों और पेंशनों के साथ मिलेगा।
इस ऐलान से पिछले दो महीनों में DA में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिससे 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें अक्सर खजाना खाली होने का रोना रोती थीं, लेकिन हमारी सरकार ने कर्मचारियों की भलाई को प्राथमिकता दी और यह सुनिश्चित किया कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके जायज हक से वंचित रखने में वित्तीय मुश्किलों को बहाना नहीं बनाया जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज पंजाब के लगभग 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली के तोहफे के रूप में हमने DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इससे डीए बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है, जिससे कर्मचारियों को लगभग 3,988 करोड़ रुपये का सालाना वित्तीय लाभ मिलेगा। कर्मचारी हमारी सरकार की रीढ़ की हड्डी हैं और हम उनकी भलाई, हक और सर्वांगीण कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को दिवाली की लाख-लाख बधाई।”
यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सूबे के प्रशासन और लोक सेवा में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के अतुलनीय योगदान को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, “कर्मचारी और पेंशनर पंजाब सरकार के पारिवारिक सदस्य हैं और प्रशासनिक मशीनरी की रीढ़ की हड्डी हैं। वे आम लोगों की शिकायतों को दूर करने, अमन-कानून बनाए रखने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए पूरी तनदेही और समर्पण भावना से अपनी ड्यूटियां निभा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने लोक कल्याण की अनेक योजनाएं लागू करने में जो सफलता हासिल की है, वह मुख्य तौर पर हमारे कर्मचारियों के बेमिसाल योगदान के कारण संभव हुई है।”
मुख्यमंत्री ने समूह कर्मचारियों की लगन से सेवा करने के लिए तह दिल से धन्यवाद किया और सरकारी नौकरियों पर लामिसाल भर्ती की पहलकदमियों की निशानदेही की। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने पिछले चार सालों और नौ महीनों के दौरान सरकारी विभागों में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती मुहिम चलाई है। हमने बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के पूरी तरह मेरिट के आधार पर नौजवानों को 71,777 सरकारी नौकरियां दी हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने कर्मचारियों की लंबे समय से लटकती आ रही मांगों को हल करने के लिए हमेशा बातचीत को प्राथमिकता दी है और हमारे दरवाजे उनके लिए हर समय खुले हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने इस लंबे समय से लटक रही वित्तीय देनदारी को योजनाबद्ध तरीके से हल किया है और 14,191 करोड़ रुपये के बकाये की अदायगी के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की है। उन्होंने कहा, “हमने पेंशनरों को प्राथमिकता दी और उनके बकाये पहली अप्रैल 2025 को जारी कर दिए गए थे। सेवा निभा रहे सरकारी मुलाजिमों के बकाये पहली अप्रैल 2026 से जारी किए जाने शुरू हो गए हैं।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, “अब तक 4,891 करोड़ रुपये के बकाये जारी किए जा चुके हैं और बाकी रहते 9,300 करोड़ रुपये भी अदा किए जाएंगे।”