जालंधर : Census-2027 के दूसरे चरण के तहत नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है, जिसके तहत वे 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करवा सकते है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-जिला सेंसस अधिकारी अमनिंदर कौर ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना के दौरान नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार संबंधी विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने विवरण सही व मुकम्मल दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने के लिए लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर आबादी गणना करेंगे। इस दौरान वे घरों, परिवारों और व्यक्तियों संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे। जिन नागरिकों ने स्व-गणना की होगी, उन्हें स्व-गणना की आई.डी. घर आने वाले संबंधित प्रगणक के साथ साझा करनी होगी। यदि कोई जानकारी दर्ज होने से रह गई होगी तो घर-घर गणना के दौरान भी मुहैया करवाई जा सकती है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने नागरिकों से Census-2027 को सुचारू व निर्विघ्न ढंग से पूरा करने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और लोक भलाई नीतियों को बनाने का अहम आधार होते हैं, इसलिए हर नागरिक को इस राष्ट्रीय कार्य में अपना योगदान देना चाहिए।