जितना समय पंजाब में AAP Govt रहेगी, भलाई योजनाएं जारी रहेंगी : CM भगवंत सिंह मान

शाहकोट (जालंधर) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज दोहराया कि जितना समय पंजाब में AAP Govt सत्ता में रहेगी, उतना समय औरतों के लिए मुफ्त बस सफर और 1,000 रुपए मासिक वित्तीय सहायता, 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली समेत सभी लोक भलाई गारंटियां जारी रहेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोक भलाई और विकास उनकी सरकार की मुख्य प्राथमिकताएं हैं।

जालंधर के गांव दोनेवाल में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल को पंजाब में उनके कार्यकाल को लेकर चुनौती देते हुए कहा कि जिन पार्टियों ने दशकों तक प्रदेश पर राज किया और जिनके राज में नशे का कारोबार फैला, वही पार्टियां अब बदलाव के वादे कर रही हैं।

पारदर्शी सरकारी भर्ती, भलाई पहलों और चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब तरक्की के रास्ते पर चल पड़ा है और उन्होंने लोगों को इस रफ्तार को आपस में मिलकर तेज करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने सालों तक प्रदेश की लूट की है, उन्हें आने वाले चुनावों में लोगों के सवालों का सामना करना पड़ेगा।

‘लोक मिलनी’ के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इन पार्टियों ने अपने राज के दौरान प्रदेश और इसके संसाधनों को अंग्रेजों से भी अधिक बेरहमी से लूटा है। ये अपने पापों के लिए किसी रहम के हकदार नहीं हैं क्योंकि इन्होंने प्रदेश और इसके लोगों की पीठ में छुरा मारा है, जो कि अक्षम्य अपराध है। अकालियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का पाप किया था और बदकिस्मती से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इनके हाथों की कठपुतली से अधिक कुछ नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हर कोई जानता है कि अकालियों का एक परिवार अंग्रेजों का पिट्ठू था और देश के लिए लड़ने वाले देशभक्तों के खिलाफ अंग्रेजों से सांठ-गांठ करने के बदले उन्हें ‘सर’ की उपाधि से नवाजा गया था। इस परिवार ने 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग के साके के मुख्य दोषी जनरल डायर को इस घिनौने कांड के बाद रात के खाने की मेजबानी करके सम्मानित किया था। इस कार्रवाई ने उनकी देश विरोधी और पंजाब विरोधी मानसिकता और चरित्र को बेनकाब कर दिया था। इस परिवार ने उन लाखों आजादी के सेनानियों से गद्दारी की थी, जो अंग्रेजों के खिलाफ डटे हुए थे।”

उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, “इतना ही नहीं, इस परिवार ने यह भी सुनिश्चित किया कि श्री दरबार साहिब में जनरल डायर को सिरोपाओ और माफी दी जाए। दूसरी तरफ वह पार्टी है जिसने श्री अकाल तख्त साहिब पर टैंक चढ़ाए थे और देश के कई हिस्सों में बेगुनाह सिखों का कत्लेआम किया था। विरोधी पार्टियां प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों की भलाई के लिए किए जा रहे कामों से जलन महसूस करती हैं।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “विरोधी दल के नेता आपस में मिले हुए हैं और सत्ता में रहते हुए एक-दूसरे के हितों की रक्षा के लिए ‘तू उतर, मैं चढ़ूं’ की तरह बारी-बारी सत्ता भोगने का खेल खेलते हैं। ‘आप’ सरकार ने उन्हें सत्ता से दूर करके उनका सारा खेल बिगाड़ दिया है और आम आदमी की उम्मीदों को पूरा किया है।”

Advertisement Space

उन्होंने कहा, “अकालियों पर पीढ़ियों की नस्लकुशी का मामला दर्ज होना चाहिए क्योंकि उनके द्वारा नशे के व्यापार को संरक्षण दिया गया और उनके लंबे कुशासन के दौरान यह व्यापार खूब बढ़ा-फूला। इन नेताओं के हाथ उन लाखों नौजवानों के खून से रंगे हुए हैं, जो इनकी सरकारी गाड़ियों में प्रदेश के अंदर सप्लाई किए गए नशों के शिकार हुए। इन नेताओं के पाप अक्षम्य हैं और लोग उनके घिनौने जुर्मों की लंबी दास्तान के लिए उन्हें कभी भी माफ नहीं कर सकते।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जोर देकर कहा, “अकाली लीडरशिप ने अपने कार्यकाल के दौरान ट्रांसपोर्ट, केबल, माइनिंग और ढाबों समेत कई मुनाफे वाले कारोबारों पर कब्जा कर लिया था और निजी स्वार्थों के लिए प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग किया था। जिन्होंने सालों तक पंजाब को लूटा, वे अब ईमानदारी के उपदेश दे रहे हैं, लेकिन प्रदेश के लोग यह नहीं भूले कि कैसे इन नेताओं ने उनके भरोसे का कत्ल किया और अपने संकीर्ण हितों के लिए आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गिरवी रख दिया। अकाली दल के नेताओं ने कभी दावा किया था कि वे 25 साल पंजाब पर राज करेंगे, लेकिन आज पार्टी को 25 भरोसेमंद नेता ढूंढने भी मुश्किल हो रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से कहा, “विरोधी दल इस बात से निराश है क्योंकि पारंपरिक राजनीतिक पार्टियां इस सच्चाई को हजम नहीं कर पा रही हैं कि बिना किसी राजनीतिक खानदान या विरासती ताकत वाला एक आम व्यक्ति, पंजाब के आम लोगों के लिए काम कर रहा है। विरोधियों के आरोपों का हमारा जवाब हमेशा हमारा काम, हमारी उपलब्धियां और आम परिवारों के चेहरों पर आई मुस्कान होगी।”

कांग्रेस पार्टी पर बरसते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “कांग्रेस पार्टी आखिरी सांसों पर है और बहुत जल्द खत्म हो जाएगी क्योंकि इसके पास लोगों और प्रदेश के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करके पंजाब के संसाधनों को लूटना है, लेकिन उनके ये सपने कभी पूरे नहीं होंगे।”

प्रदेश की सत्ता हासिल करने के दिन सपने देखने वाले कांग्रेसी नेताओं पर व्यंग्य करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस पार्टी एक बंटा हुआ घर है जो अपनी आंतरिक कलह के कारण ढह जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने साइकिल यात्रा शुरू की है लेकिन वे लोगों का समर्थन जुटाने में नाकाम रहे हैं और उनकी साइकिल यात्रा में ज्यादातर प्रवासी समुदाय के लोग ही शामिल हैं। उनके पास प्रदेश या इसके लोगों के लिए कोई एजेंडा नहीं है, बल्कि उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करने के बाद प्रदेश को लूटना है।”

भाजपा पर तीखा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा ने तब पंजाब में नशे की शुरुआत की थी, जब वे अकालियों के साथ सत्ता में थे और अब वे पंजाब को नशा मुक्त बनाने के दावे कर रहे हैं। क्या पंजाब तब नशा मुक्त होगा, जब केंद्रीय गृह मंत्री उन अकाली नेताओं के साथ स्टेज साझा करेंगे, जो चिट्टे के समानार्थी बन चुके हैं?”

अकाली लीडरशिप के दोहरेपन को बेनकाब करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “जिन लोगों ने तख्त श्री हजूर साहिब, तख्त श्री पटना साहिब, दिल्ली, हरियाणा और अन्य स्थानों पर सिख मामलों में दखलंदाजी करने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया था, वही अब भगवा पार्टी के साथ गठजोड़ करने के लिए बेताब हैं।”

Advertisement Space

Leave a Comment