चंडीगढ़/नई दिल्ली : CM Bhagwant Singh Mann ने भाजपा-अकाली दल (बादल) के बीच हुए गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह गठजोड़ पंजाब की जनता को मूर्ख बनाने का ठगजोड़ है। यह गठबंधन Punjab बचाने के लिए नहीं किया गया है, बल्कि कुछ राजनीतिक परिवारों को बचाने और सत्ता वापस पाने के लिए किया गया है। भगवंत मान ने याद दिलाया कि बादलों ने शुरू में तीन काले कृषि कानूनों का समर्थन किया और बाद में जब किसान आंदोलन को वैश्विक समर्थन मिला तो अपना रुख बदल दिया। इस आंदोलन के दौरान 750 किसानों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि पंजाबी 2007-2017 के अकाली-भाजपा राज के दौरान हुए ‘चिट्टे’ के कहर और ‘बेअदबी’ की घटनाओं या चंडीगढ़, पंजाब के पानी और सिख संस्थाओं पर भाजपा के स्टैंड को कभी नहीं भूलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब के 3.25 करोड़ लोगों, किसानों, ‘माताओं और बेटियों’, युवाओं और आम परिवारों के साथ है। जिन्हें हमारी सरकार मुफ्त बिजली, नहर का पानी, बेहतर हेल्थकेयर सुविधाएं, अच्छी शिक्षा दे रही है और बिना रिश्वत के 78,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां दे चुकी हैं। उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी अपनी सरकार की कामयाबियों को हर घर तक ले जाएगी और लोगों को धर्म या जाति के आधार पर बांटे बिना साकारात्मक राजनीति करेगी।
एक्स पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा-अकाली दल का गठबंधन पंजाब के लिए नहीं है, बल्कि यह अपने राजनीतिक परिवारों को बचाने और अपनी कुर्सी बचाने के लिए बनाया गया एक ‘ठग जोड़’ है। जो लोग कल तक तीन कृषि कानूनों, पंजाब के पानी के अधिकार, चंडीगढ़ और सिख संस्थाओं पर एक-दूसरे की बुराई कर रहे थे, वे अब सत्ता के लालच में फिर से एक साथ आ गए हैं। सभी पुराने राजनीतिक नेता जिन्होंने 20 साल तक आपस में ‘नूरा कुश्ती’ खेली, वे अब एक ही मंच शेयर कर रहे हैं। लेकिन पंजाब के लोग 2007-2017 की अकाली-भाजपा सरकार के दौरान ड्रग्स की बुराई और बेअदबी की घटनाओं को कभी नहीं भूल सकते। आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब के सिर्फ 3.25 करोड़ लोगों के साथ है। मुफ्त बिजली, नहर का पानी, मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल ऑफ एमिनेंस और बिना रिश्वत के सरकारी नौकरियां हमारी पॉजिटिव पॉलिटिक्स की पहचान हैं। पंजाब के लोग इस ‘ठग जोड़’ को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
पंजाब की जनता को सीधा संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबियों, आखिरकार भाजपा और अकाली दल ने गठबंधन बना लिया है। मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि इन पार्टियों ने एक-दूसरे के बारे में क्या कहा था और कैसे उन्होंने बार-बार लोगों को बेवकूफ बनाने का बीड़ा उठाया है। उन्हें लगता है कि लोग बेवकूफ हैं और कुछ समय बाद सब कुछ भूल जाते हैं। हम उन्हें याद दिला दें कि पंजाबी सब कुछ याद रखते हैं।
तीन कृषि कानूनों का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरू में पूरा बादल परिवार इन कानूनों के पक्ष में बोलता रहा। वे बार-बार कहते रहे कि ये बहुत अच्छे कानून हैं और इनसे पंजाब की खेती को बहुत फ़ायदा होगा। लेकिन जब किसानों का आंदोलन अपने पीक पर पहुंच गया तो उन्हें एहसास हुआ कि कानूनों का समर्थन करते रहने से पंजाब में उनके लिए राजनीतिक रूप से टिके रहना मुश्किल हो जाएगा। फिर उन्होंने हरसिमरत कौर बादल से केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफ़ा दिलवा दिया और उन्हीं कानूनों के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया, जिनकी उन्होंने पहले तारीफ़ की थी। अचानक वे कहने लगे कि भाजपा किसान विरोधी है और उन्होंने गठबंधन छोड़कर कुर्बानी दी है। लेकिन तब तक लोगों को समझ आ गया था कि दोनों पार्टियां मिली हुई हैं और जनता को गुमराह करने के लिए बस अलग होने का दिखावा कर रही हैं।
अकाली दल (बादल) के भाजपा के साथ गठबंधन करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि वही भाजपा है जो पंजाब यूनिवर्सिटी पर कब्ज़ा करना चाहती है, उसका सिंडिकेट बदलना चाहती है और वहां आरएसएस के लोगों को बिठाना चाहती है। वही भाजपा चंडीगढ़ में अलग विधानसभा बनाने और दिल्ली की तरह एक अलग राज्य बनाने की बात करती है, ताकि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी न रहे। ये वही भाजपा है जो भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) में अपने लोगों को रखना चाहती है और पंजाब का पानी हरियाणा और राजस्थान को देने की वकालत करती थी। वही भाजपा अब अकाली दल के साथ गठबंधन कर रही है।