
बेंगलुरुः कर्नाटक में वोट अधिकार रैली में लोकसभा में विपक्ष के कांग्रेसी नेता राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में कथित धांधली के मुद्दे पर दावा किया है कि यदि चुनाव आयोग इलैक्ट्रॉनिक डेटा उपलब्ध करा दे तो कांग्रेस यह साबित कर देगी कि नरेन्द्र मोदी वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमने भारत के संविधान की रक्षा की है। अंबेडकर जी, महात्मा गांधी, ज्वाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल की आवाज भारत के संविधान में गूंजती है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर व्यक्ति को वोटे देने का अधिकार देता है।
हमारे सामने एक सवाल उठा था, पहले लोकसभा चुनाव थे, फिर महाराष्ट्र और कर्नाटक चुनाव…महाराष्ट्र में, इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव जीतता है लेकिन 4 महीने बाद भाजपा राज्य में विधानसभा चुनाव जीत जाती है। यह चौंकाने वाला था। हमने पाया कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में एक करोड़ नए मतदाताओं ने मतदान किया।
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार 25 सीटों के मार्जिन से प्रधानमंत्री बने हैं। 25 सीट ऐसी हैं, यहां भाजपा 35 हजार या कम वोट से जीती हैं। अगर हमें इलेक्ट्रानिक डेटा मिल जाए तो हम साबित कर देंगे कि मोदी चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा को चोरी करने दे रहा है। सारे देश को चुनाव आयोग से जवाब मांगना चाहिए।