
एंकोरेज : अलास्का के एंकोरेज में कड़ी सुरक्षा के बीच अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मुलाकात हुई। दौरान करीब तीन घंटे तक बातचीत चली। इस मुलाकात के दौरान यूक्रेन युद्ध सहित आपसी संबंधों और सहयोग के कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
जैसा की दुनिया भर की नजर ट्रंप-पुतिन की मुलाकात पर टिकी हुई थी, लेकिन करीब तीन घंटे तक चली बातचीत में यूक्रेन युद्धविराम पर कोई सहमति नहीं बनी। इस बैठक में ट्रंप वॉशिंगटन और व्लादिमीर पुतिन मास्कों से अलास्का पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद पुतिन और ट्रंप ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। 12 मिनट की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दोनों नेताओं ने केवल प्रेस को संबोधित किया मगर मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया।
इस दौरान जब ट्रंप ने दोबारा जल्द मिलने की बात कही तो पुतिन ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अंग्रेजी में कहा, ‘नेक्स्ट टाइम इन मास्को‘, इसका ट्रंप ने हंसते हुए जवाब दिया, “ओह दैट्स एन इंट्रेस्टिंग वन,“ यानी वाह, ये तो दिलचस्प है।
करीब 3 घंटे की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि दोनों के बीच बैठक सकारात्मक रही, मगर वह और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युक्रेन युद्ध को लेकर किसी भी समझौते पर नहीं पहुंच पाए। ट्रंप ने यह भी कहा कि हमारे बीच कई बड़े मुद्दे पर सहमति हुई है मगर कुछ मुद्दे ऐसे हैं जिन पर अभी सहमति नहीं बनी है मगर हमने कुछ प्रगति की है। इसलिए जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता, तब तक कोई समझौता नहीं है।
वहीं व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए मूल कारणों को खत्म करना बेहद जरूरी है। वहीं पुतिन ने यह भी कहा कि 2020 में ट्रंप राष्ट्रपति होते तो यूक्रेन युद्ध होता ही नहीं।
हालांकि यह बैठक यूक्रेन युद्ध पर किसी निर्णय तक नहीं पहुंची, लेकिन यह संकेत जरूर देती है कि दोनों नेता अगले दौर की बातचीत के लिए तैयार हैं। वैश्विक स्तर पर इस बैठक को राजनीतिक संवाद की संभावनाओं को बनाए रखने वाला कदम माना जा रहा है।