
अमेरिका: अमेरिका में 30 साल से रह रही 73 साल की बुजुर्ग भारतीय महिला को डिपोर्ट करके भारत भेज दिया गया है। यूएस इमिग्रेशन ने गैर कानूनी तरीके से रहने के लिए कुछ दिन पहले उन्हें हिरासत में लिया था। इस घटना को लेकर अमेरिका में रह रहे भारतीयों में ट्रंप सरकार के खिलाफ काफी रोष है।
हरजीत कौर 1982 में अपने बेटों के पास अमेरिका रहने गई थी। उसके बाद से वह वहीं ही रह रहीं थी। हरजीत कौर के परिवार का कहना है कि उन्हें 3 दशक से ज्यादा हो गया है रहते हुए, उनके खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज नहीं है।
ट्रंप सरकार ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लोगों को निकालने के फैसले के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हरजीत कौर को 132 भारतीय समेत जॉर्जिया से एक चार्टर्ड प्लेन से पहले अर्मेनिया भेजा गया। अर्मेनिया के बाद सभी को दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर परिवार और परिचित उन्हें लेने पहुंचे।
हरजीत कौर की पोती सुखमीत कौर ने कहा कि हमें सिर्फ इतना बताया गया कि उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। हमें उनसे मिलने भी नहीं दिया गया। हम उन्हें ढूंढते रहे। जब हम मिले तो वे रो रही थी और मदद के लिए कह रही थी। उन्होंने यहां टेलर के तौर पर भी काम किया। जब हम उन्हें मिले, तो वे बदतर हालत में थी। उन्हें ना बैठने के लिए कुर्सी दी गई, ना सोने के लिए बेड, वे जमीन पर सोईं। उनके हाथ में हथकड़ियां पहनाई गई थीं।