
जालंधरः जिला जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के संबंध में एक विशेष रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, लोकसभा इंचार्ज एवं जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमनीक सिंह रंधावा, तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मोहिंदर भगत और रमनीक सिंह रंधावा ने टीम वर्क, विकास कार्यों और चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण निष्पक्षता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान निडरता, पारदर्शिता और विकास-केंद्रित एजेंडे को प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को नए तरीकों और नवाचारों के माध्यम से जिले में पार्टी को और मज़बूत बनाने तथा जनता की भागीदारी बढ़ाने की अपील भी की गई।
बैठक में हलका इंचार्ज शाहकोट पिंदर पंडोरी, हलका इंचार्ज फिल्लौर प्रेम कुमार, हलका इंचार्ज आदमपुर पवन कुमार (टीनू), जिला जालंधर के प्रधान प्रदीप दुग्गल, सचिव मदन लाल, संगठन इंचार्ज हरजिंदर सिंह सीचेवाल, संजे अटवाल, परमजीत पम्मा, जसवीर धंजल सहित अन्य नेताओं ने भी हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान चुनाव दावे, आपत्तियां, वोटर सूची तथा पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
अंत में कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनावों के लिए एकजुट होकर उत्साह और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की गई, ताकि जालंधर जिले में लोकतंत्र और विकास को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।