
मोहाली: कब्ड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या मामले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और केंद्रीय एजेंसियों ने हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान करन पाठक और तरनदीप सिंह के रूप में हुई है। दोनों को पंजाब लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य हैंडलर हरजिंदर सिंह उर्फ मिड्डू का 17 दिसंबर को लालडू हाईवे के पास बने एक खंडहर में एनकाउंटर कर दिया था। पुलिस के अनुसार हरजिंदर इस हत्याकांड का ग्राउंड लेवल पर मुख्य प्लानर और हैंडलर था।
वहीं इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड ऐशदीप सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया था कि ऐशदीप सिंह विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बाल के संपर्क में था। इस पूरे हत्याकांड के पीछे डोनी बाल और लकी पटियाल गैंग का हाथ है।
पुलिस के मुताबिक ऐशदीप मॉस्को से इस साजिश को अंजाम देकर भारत आया था और गिरफ्तारी के वक्त मस्कट वापस जाने की तैयारी में था। ऐशदीप के खुलासों के आधार पर ही पुलिस हरजिंदर उर्फ मिड्डू तक पहुंच सकी।