
पंजाब पुलिस ने हिमाचल प्रदेश की पुलिस के साथ मिलकर की गई कार्रवाई के दौरान नालागढ़ पुलिस स्टेशन धमाके के सिलसिले में पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल(बीकेआई) से जुड़े दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
डीजीपी पंजाब गौरव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह उर्फ शेरू उर्फ कमल और प्रदीप सिंह उर्फ दीपू के रूप में हुई है जो एसबीएस नगर(नवांशहर) के अंतर्गत कस्बा राहों के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से आईईडी बरामद की है।
इसी तरह एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस फरीदकोट ने बीएसएफ के साथ मिलकर, BOP GG-3, गांव तेजा राहेला, PS सदर फाजिल्का के पास सीमा पर तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए हथियार और गोला-बारूद के साथ हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद की है।
बरामदगी: एक गफ्फार सिक्योरिटी पिस्टल (MP-5 टाइप), 20 पिस्टल, 39 मैगज़ीन, 310 ज़िंदा कारतूस (9 mm), 02 बैकपैक और 2.160 किलोग्राम हेरोइन
शुरुआती जांच में पता चला है कि पाकिस्तान के तस्करों ने ज़ीरो लाइन पार की और बार्डर फेंसिंग के पास काम कर रहे थे, रात के अंधेरे और घने कोहरे का फायदा उठाकर भारतीय इलाके में हथियार और नशीले पदार्थ भेजने की कोशिश कर रहे थे। सतर्क BSF जवानों ने घुसपैठ को रोकने के लिए कई राउंड फायरिंग की, जिसके बाद एक गहन संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया जिससे यह बरामदगी हुई।
