
जालधरः पंजाब में कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। रोजाना कहीं न कहीं अपराधिक घटनाएं सामने आ रही है। ताजा मामला जांलधर का सामने आया है,यहां आज सुबह आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लकी ओबेरॉय सुबह 7:15 बजे के करीब गुरुद्वारा से निकले। इसके बाद जैसे ही वह अपनी थार में बैठने लगे तो एक युवक ने आकर गोलियां चला दीं। दो युवक एक्टिवा पर आए थे और वह दोनों भाग गए। पुलिस ने सभी नाको पर हमलावरों के बारे में सूचित कर दिया है। इसके साथ ही गुरुद्वारे के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया गया। श्री राम अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि लक्की ओबरॉय को सुबह उन्हें जख्मी हालत में लाया गया था। उनके पर 8-9 राउंड गोलियां फायर हुए हैं।