
जालंधर: जालंधर के महतपुर इलाके में बूटे छन्ना गांव के सरपंच पर हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली लगने के कारण घायल आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ शीलू को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जालंधर देहात पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शीलू सरपंच महिंदर सिंह पर हुए हमले के मुख्य आरोपियों में शामिल था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार देर रात एसआई कश्मीर सिंह की टीम को सूचना मिली कि आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ शीलू बाइक पर इलाके से गुजरने वाला है। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसने पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश की और नाका तोड़कर फरार होने लगा।
पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया। महतपुर के पास घुम्मन पैलेस के नजदीक आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। गोली लगते ही शीलू बाइक से गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।