
जालंधर: हल्का जालंधर कैंट की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा द्वारा माताओं, बहनों और बेटियों के बारे में इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक और घटिया शब्दावली की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती है बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है।
राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि पंजाब की महिलाएं हमेशा समाज के हर क्षेत्र में अहम योगदान देती आई हैं और उनके बारे में इस तरह की अशोभनीय और निंदनीय टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े नेताओं को अपनी भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सुखपाल खैहरा अपनी इस निंदनीय हरकत के लिए तुरंत पंजाब की महिलाओं से माफी मांगें। साथ ही कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व को भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करते हुए खैहरा से माफी मंगवानी चाहिए।
थियाड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार और पार्टी हमेशा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी नेता द्वारा की गई इस तरह की गलत टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।