
जालंधरः फगवाड़ा में जनवरी महीने में सुधीर स्वीट शॉप फायरिंग केस में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस सुधीर स्वीट शॉप मामले में वांछित आरोपी कुलवंत सिंह उर्फ गोपा को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कुलवंत सिंह गोपा निवासी नवांशहर से दो पिस्तौल और एक बाइक बरामद किया है। आरोपी की टांग पर लगी गोली है।
प्राप्त जानकारी मुताबिक पुलिस ने आरोपी की जालंधर के जमशेर एरिया के नजदीक लोकेशन मिलने के बाद उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे क्रॉस फायरिंग में गोपा जख्मी हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीपी धनप्रीत कौर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी थाना सदर एरिया के अंतर्गत किसी जगह पर छिपा हो सकता है। इसके बाद पुलिस द्वारा जब थाना सदर के अंतर्गत एरिया में आरोपी की तलाश की जा रही थी तो एक व्यक्ति के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आरोपी की पहचान कुलवंत सिंह गोपा निवासी नवांशहर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत 18 पर्चे दर्ज हैं। 18 जनवरी को फगवाड़ा में सुधीर स्वीट्स पर फायरिंग हुई थी। यह आरोपी उस केस में वांछित था। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुका है।