
वैब पोर्टल https://agnipathvayu.cdac.in पर करवाई जा सकती है रजिस्ट्रेशन
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
जिला रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण ब्यूरो की उप निदेशक नीलम महे ने बताया कि इंडियन एयर फोर्स, अंबाला इकाई द्वारा पंजाब में अग्निवीर वायु-02/2026 (इनटेक) के लिए भर्ती की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक वेब पोर्टल https://agnipathvayu.cdac.in पर किया जा सकता है। ऑनलाइन परीक्षा 25 सितंबर 2025 को होगी। उन्होंने बताया कि उक्त भर्ती के लिए लड़का और लड़की उम्मीदवारों का जन्म 2 जुलाई 2005 से 2 जनवरी 2009 के बीच होना चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी देते हुए उप निदेशक ने बताया कि अभ्यर्थी को केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से गणित, भौतिक विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों के साथ इंटरमीडिएट/बारहवीं/समकक्ष परीक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए तथा अंग्रेजी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए अथवा केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त पॉलिटेक्निक संस्थानों से इंजीनियरिंग (मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल/कम्प्यूटर साइंस/इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नोलॉजी/सूचना टेक्नोलॉजी) में तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए तथा अंग्रेजी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ डिप्लोमा कोर्स (या इंटरमीडिएट/मैट्रिकुलेशन) (यदि डिप्लोमा कोर्स में अंग्रेजी विषय नहीं है) उत्तीर्ण होना चाहिए अथवा गैर व्यावसायिक विषय के साथ दो वर्षीय व्यावसायिक कोर्स उत्तीर्ण होना चाहिए। केन्द्रीय/राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से भौतिकी और अंग्रेजी में कुल मिलाकर कम से कम 50% अंक तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रम में अंग्रेजी विषय में कम से कम 50% अंक (या इंटरमीडिएट/मैट्रिकुलेशन में, यदि अंग्रेजी वोकेशनल कोर्स में एक विषय नहीं है) प्राप्त किया होना चाहिए।