
जालंधर: पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने शुक्रवार को राज्य की प्रमुख ‘रंगला पंजाब विकास योजना’ के तहत 43.79 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को प्रशासनिक मंज़ूरी दे दी।
यहां जिला प्रशासनिक परिसर में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए, कृषि मंत्रीने कहा कि इस योजना का उद्देश्य मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विजन के अनुरूप पंजाब में विकास के मामले में क्रांतिकारी बदलाव लाना है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए 5 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस अवसर पर उनके साथ करतारपुर के विधायक बलकार सिंह और नकोदर की विधायक इंद्रजीत कौर मान, पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली, उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल, पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर, पंजाब राज्य सहकारी बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू और नगर निगम आयुक्त गौतम जैन भी मौजूद थे।
मंत्री ने जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों में स्वीकृत 755 परियोजनाओं के समय पर क्रियान्वयन और उच्च गुणवत्ता मानकों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार 22.50 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर चुकी है, शेष धनराशि भी जल्द ही वितरित कर दी जाएगी।
मीडिया से बात करते हुए, श्री खुडियां ने कहा कि पंजाब सरकार ने बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि सरकार बांधों और नदियों में बढ़ते जल स्तर पर कड़ी नजर रख रही है।
इससे पहले, जालंधर प्रशासन ने कृषि मंत्री का यहां आगमन पर गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान, उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कैबिनेट मंत्री को रंगला पंजाब विकास योजना के तहत शुरू की गई विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आप नेता नितिन कोहली, दिनेश ढल्ल और प्रधानाचार्य प्रेम कुमार भी उपस्थित थे।