
चंडीगढ़ः मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में बीते कल पंजाब कैबिनेट ने लैंड पूलिंग स्कीम-2025 में संशोधनों को हरी झंडी दी। इन संशोधनों में अब सरकार की ओर से लैंड पूलिंग में शामिल होने वाले किसानों को जमीन विकसित होने तक उनके गुजारे के लिए सरकार सालाना 1 लाख रुपए देने का फैसला किया गया।।
सरकार ने किसानों को भविष्य की सुरक्षा का आश्वासन देते हुए इस 1 लाख रुपये की राशि पर हर साल 10% की बढ़ोत्तरी करने का भी ऐलान किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि यह आप सरकार द्वारा किसानों को मूर्ख बनाने की एक भ्रामक चाल है।
उन्होंने कहा कि लैंड पूलिंग स्कीम से राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी तथा लैंड पूलिंग नीति का उद्देश्य केवल धन उगाही करना है।
उन्होंने कहा कि 24,000 एकड़ कृषि भूमि का अधिग्रहण राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख देगा। यही नहीं इस नीति से समाज के हर वर्ग प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वे किसी भी तरीके से आप सरकार के झांसे में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और किसानों को बर्बाद होते नहीं देख सकती।