
जालंधर : पंजाब सरकार द्वारा राज्य में नशे के खात्मे के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत ‘दौड़दा पंजाब-2’ हाफ मैराथन युवाओं को नशों के खिलाफ जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शाहपुर में आयोजित ‘दौड़दा पंजाब-2’ और 17वीं सी.टी. हाफ मैराथन दौड़ के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ पहल के तहत जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवाओं को नशों से दूर रखने और स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करने हेतु लगातार गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की इस नशा विरोधी मुहिम के तहत जिला प्रशासन द्वारा पिछले साल से ‘दौड़दा पंजाब’ मैराथन करवाई जा रही है और इस बार सी.टी. ग्रुप के सहयोग से प्रशासन द्वारा ‘दौड़दा पंजाब-2’ हाफ मैराथन दौड़ करवाई गई है।
उन्होंने कहा कि आज करवाई गई हाफ मैराथन का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के खिलाफ जुटाना और नशे के बुरे प्रभावों से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि आज की हाफ मैराथन में हजारों की संख्या में युवाओं, छात्रों और समाज की अन्य प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम को भरपूर समर्थन दिया और नशे के बुरे प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर करवाई गई मैराथन में महिलाओं ने बड़ी संख्या में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के कारोबार में शामिल समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के अलावा नशों पर निर्भर लोगों को नशों की दलदल से निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के गांव शेखे में स्थापित सरकारी आधुनिक नशा छुड़ाऊ और पुनर्वास केंद्र में नशों की लत से मुक्ति पा चुके युवाओं को पुनर्वास के लिए हुनरमंद व्यवसायों की ट्रेनिंग देकर रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि पंजाब सरकार के नेतृत्व में जिले के युवाओं को खेलों के प्रति उत्साहित करने के लिए प्रशासन द्वारा जलंधर प्रीमियर लीग शुरू की गई है, जिसमें अब तक क्रिकेट, शतरंज और बैडमिंटन आदि के मुकाबले करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों में 14 और 21 वर्ष के युवाओं के अलावा बड़ी उम्र के खिलाड़ियों के खेल मुकाबले भी करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 में बॉक्सिंग के साथ-साथ बैडमिंटन लीग दोबारा करवाई जाएगी ताकि युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जोड़कर नशों से दूर रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट ओलंपिक एसोसिएशन भी बनाई गई है।
डिप्टी कमिश्नर ने इस मौके पर मौजूद विभिन्न व्यक्तित्वों और युवाओं को नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया ताकि मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य को नशा मुक्त और ‘रंगला पंजाब’ बनाने के सपने को साकार किया जा सके। उन्होंने हाफ मैराथन दौड़ को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, संस्थाओं और विभिन्न व्यक्तित्वों का धन्यवाद भी किया।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी तथा सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी, प्रसिद्ध पंजाबी गायक मास्टर सलीम तथा गगन कोकरी और अन्य हस्तियां भी मौजूद थीं।